*कोरोना महामारी घोषित - देश में 73 मामले: भारत कल से अगले 35 दिन के लिए दुनिया से कटा, डिप्लोमैटिक और एम्प्लॉयमेंट छोड़कर सभी तरह के वीजा सस्पेंड*
भारत ने कोरोनावायरस मामलों की संख्या 73 पहुंच गई है। बुधवार को जारी सरकार के आदेश के मुताबिक, 13 मार्च को शाम 5.30 बजे (12 जीएमटी) से अगले 35 दिन के लिए दुनिया के किसी भी देश के हर व्यक्ति के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। सिर्फ डिप्लोमैटिक और एम्प्लॉयमेंट वीजा को छूट दी गई है। सरकार ने साफतौर पर कहा है कि अगर जरूरी न हो तो भारतीयों को विदेशों में जाने से बचना चाहिए। भारत में रह रहे सभी विदेशियों के वीजा वैध बने रहेंगे।
केंद्र सरकार के दफ्तरों में 31 मार्च तक बायोमीट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगा दी गई है। देश के 30 एयरपोर्ट्स पर विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। चीन, इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी से 15 फरवरी के बाद आने वाले यात्रियों को कम से कम 14 दिन आइसोलेशन में रखा जाएगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है।